सीतापुर। जिले के संवेदनशील क्षेत्र में प्रस्तावित नूरपुर पुलिस चौकी की प्रक्रिया बीते छह सालों से फाइलों में कैद है। वर्ष 2017 में शुरू हुई प्रक्रिया अब तक अटकी हुई है। यह आलम तब है जब 2021 में तत्कालीन जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज द्वारा पुलिस चौकी के निर्माण के लिए भूमि भी आवंटित कर दी गई।
अधिकारियों की उदासीनता से त्रस्त जनता ने चंदा लगाकर पुलिस चौकी के लिए दस फीट की दीवार भी बनवा दी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुताबिक वर्ष 2018 से अब तक 68 से अधिक गंभीर आपराधिक घटनाएं इस संवेदनशील क्षेत्र में घट चुकी हैं।
प्रस्तावित नूरपूर पुलिस चौकी बनने का 15 हज़ार की आबादी इंतजार कर रही है। सरकारी रिपोर्ट में पुलिस चौकी की आवश्यकता की आख्या के बावजूद निर्माण लटका हुआ है। चौकी निर्माण की मुहिम छेड़ने वाले सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि छह साल से प्रक्रिया सिर्फ कागजों में चल रही है।
एसपी बोले- करवा रहे हैं पूरी जांच
नूरपुर में प्रस्तावित पुलिस चौकी के संबंध में अब तक हुई कार्यवाही की जानकारी कराई जा रही है। प्रस्ताव कब गया और किन परिस्थितियों में लंबित है, इसकी जानकारी करवाते हैं।
- चक्रेश मिश्र, एसपी सीतापुर