सीतापुर। ब्लॉक प्रमुख चुनाव का बिगुल बजते ही अब नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। गुरुवार सुबह 11 से तीन बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी ब्लॉक मुख्यालयों से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई है। यह कार्य नामांकन दाखिल होने तक चलता रहेगा। बुधवार को जिला प्रशासन नामांकन की तैयारियों में जुटा रहा। एसडीएम ने अपने विकासखंड के ब्लॉकों में नामांकन को लेकर हुई तैयारियों को परखा।
सीतापुर जिले में 19 ब्लॉक हैं। इन ब्लॉकों में प्रमुख बनने के लिए निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इस संबंध में डीएम व निर्वाचन अधिकारी विशाल भारद्वाज ने सार्वजनिक सूचना जारी कर दी है। चुनाव सकुशल शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सभी बंदोबस्त किए गए हैं। आठ जुलाई को सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर एआरओ के समक्ष सुबह 11 से तीन बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं।
नामांकन दाखिल होने तक नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी। एक प्रत्याशी अधिकतम चार सेट में नामांकन पत्र दाखिल कर सकता है। नामांकन दाखिल होने के तुरंत बाद प्राप्त सभी नामांकनों की जांच कार्य समाप्ति तक की जाएगी। नौ जुलाई को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक उम्मीदवारी वापस ली जा सकती है।
10 जुलाई को ब्लॉक मुख्यालय पर ही सुबह 11 से तीन बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना होगी। बुधवार को ब्लॉकों से नामांकन पत्रों की बिक्री की गई। सामान्य वर्ग के लिए नामांकन पत्र का मूल्य आठ सौ रुपये है, जबकि आरक्षित वर्ग एवं महिला प्रत्याशी के लिए चार सौ रुपये तय है।
सामान्य वर्ग के लिए है पांच हजार जमानत धनराशि
वर्गवार तय जमानत धनराशि जमा करना अनिवार्य है। अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नामांकन के साथ पांच हजार जमानत धनराशि के रूप में जमा करना है। अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला उम्मीदवारों के लिए जमानत धनराशि ढाई हजार रुपये है। नामांकन पत्र पर उम्मीदवार, उसके प्रस्तावक एवं अनुमोदक के हस्ताक्षर या निशानी अंगूठा अनिवार्य है।
सात ब्लॉक प्रमुख आधी आबादी के लिए आरक्षित
जिले के 19 ब्लॉक प्रमुख के पदों में से सात महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। ब्लॉक रेउसा, रामपुर मथुरा, ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है। एलिया, गोंदलामऊ एवं मछरेहटा महिला के लिए, हरगांव व कसमंडा ब्लॉक अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। इसी प्रकार मिश्रिख, सकरन, बेहटा, खैराबाद, पहला व महमूदाबाद अनारक्षित हैं। सिधौली, परसेंडी एवं महोलीे अनुसूचित जाति के लिए, पिसावां, बिसवां, लहरपुर ओबीसी के लिए आरक्षित है।
तैयारियां पूरी
ब्लॉक प्रमुख के निर्वाचन को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सभी ब्लॉकों में नामांकन से लेकर मतगणना के लिए एआरओ नियुक्त किए गए हैं। नामांकन पत्रों की बिक्री आठ जुलाई को तीन बजे तक होगी। परिणाम की घोषणा जिला मुुख्यालय पर डीएम-आरओ द्वारा की जाएगी।
सुरेश प्रसाद, सहायक, जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत