विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सभी विधानसभा क्षेत्रवार नामांकन जिला मुख्यालय पर सदर तहसील में होगा। नामांकन 31 जनवरी तक चलेगा। सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक उम्मीदवार अपना परचा दाखिल कर सकेंगे।
नामांकन प्रक्रिया को लेकर सोमवार को दिनभर तहसील परिसर में गहमागहमी का माहौल दिखा। अधिकारी व कर्मचारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में व्यस्त थे। तीसरे चरण में 19 फरवरी को वोट डाले जाएंगे।
इस बार प्रत्याशियों को नामांकन पत्र में न केवल फोटो लगाना आवश्यक है बल्कि नागरिकता भी प्रमाणित करनी होगी। सभी न्यायालय कक्षों में नामांकन पत्र, नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी तथा चुनाव चिह्न के आवंटन तक सभी कार्य होंगे।
जिले की सभी नौ विधान सभा क्षेत्रों की नामांकन अधिसूचना पहले डीएम अमृत त्रिपाठी के स्तर से जारी होगी। बाद में विधानसभा क्षेत्रवार बनाए गए संबंधित रिटर्निंग अफसर अपने-अपने क्षेत्रों की नामांकन अधिसूचना निर्गत करेंगे।
नामांकन स्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
नामांकन कराने के लिए प्रत्याशी अपने चार समर्थकों के साथ ही आरओ कक्ष में जा सकेगा।। इसके अलावा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राजकीय दलों के उम्मीदवारों को एक प्रस्तावक और गैर मान्यता प्राप्त पंजीकृत दलों एवं निर्दलीय उम्मीदवारों के लिए दस प्रस्तावकों की आवश्यकता है। प्रस्तावक को उसी क्षेत्र का मतदाता होना चाहिए, जिस इलाके से उम्मीदवार नामांकन भर रहा है। वहीं डीएम ने नामांकन स्थल पर कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए एक दर्जन के करीब प्रशासनिक व पुलिस अफसरों की तैनाती की है।