सीतापुर। तीन दिवसीय जनपद दौरे पर आईं स्टांप की आयुक्त, महानिरीक्षक निबंधन एवं जिला नोडल अधिकारी मिनिस्ती एस ने रविवार को तीसरे दिन विकासखंड बेहटा के बोधवा व रायमड़ोर का निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ नियंत्रण के लिए सिंचाई विभाग द्वारा कराए गए कार्यों का स्थलीय जायजा भी लिया। इस दौरान उन्होंने जनता की समस्याओं को सुनकर अफसरों को निस्तारण के निर्देश दिए।
विकासखंड बेहटा इलाके की जनता को बाढ़ से निजात दिलाने को बोधवा व रायमड़ोर में स्टड बनवाए जा रहे हैं। बोधवा में 1060.14 रुपये लाख की लागत से 1100 मीटर लंबाई में 22 स्टड तथा रायमड़ोर में 931.33 लाख रुपये की लागत से 1000 मीटर लंबाई में 20 स्टड का निर्माण कराया गया है। दोनों स्थानों पर स्टड निर्माण होने के बाद आसपास के क्षेत्र में कटान से राहत मिलेगी।
नोडल अधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में सभी आवश्यक प्रबंध समय से करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय जनता से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रभावी निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम विनय कुमार पाठक, नोडल अधिकारी प्रशासन कुमार विनीत, अधिशाषी अभियंता बीके सिंह, उपजिलाधिकारी आरडी राम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।