सरकारी दफ्तरों में रविवार को अवकाश था पर नामांकन के चलते चुनावी प्रक्रिया से जुड़े दफ्तर गुलजार रहे। जनपद की तहसीलों में बनाए गए नामांकन स्थलों पर भी रिटर्निंग अफसर भी दावेदारों के इंतजार में दिनभर बैठे रहे।
पर कोई भी उम्मीदवार परचा दाखिला करने नहीं पहुंचा। जिले में नामांकन के दूसरे दिन अध्यक्ष के 31 व सभासद के 208 परचों की बिक्री हुई। सीतापुर जिले में 11 निकायें हैं। इनमें छह पालिका और पांच पंचायतें शामिल हैं।
यहां की सभी निकायों में 11 अध्यक्ष व 222 सभासद पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन रविवार था। इस वजह से आज से दिन वैसे भी नामांकन होने की नगण्य थी।
बावजूद इसके नामांकन स्थलों पर रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग अफसर सुबह से मुस्तैद हो गए थे। सुबह दस से दोपहर तीन बजे तक यह अफसर विभिन्न पदों के दावेदारों के आने की बाट-जोहते रहे पर कोई भी उम्मीदवार नामांकन दाखिला करने पहुंचा नहीं।
इस दिन दोनों पदों के लिए लोगों ने परचे जरूर खरीदे। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक सदर तहसील में सीतापुर पालिका अध्यक्ष के तीन व सभासद के 24 परचों की बिक्री हुई। खैराबाद में अध्यक्ष के एक व सभासद के 29, हरगांव में अध्यक्ष के 2 व सभासद के 15 परचे बिके। इसी प्रकार महमूदाबाद में अध्यक्ष के दो, सभासद के 19, पैंतेपुर में अध्यक्ष के 1 व सभासद के 4 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
बिसवां में अध्यक्ष के 5, सभासद के 20, मिश्रिख में अध्यक्ष 4 व सभासद के 19 परचे बिके। लहरपुर में अध्यक्ष के 3, सभासद के 24, तंबौर अहमदाबाद में अध्यक्ष के दो व सभासद के 16 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इसके अलावा सिधौली में अध्यक्ष के 5 व सभासद के 21 परचे बिके।