सीतापुर। जिम्मेदारों की उदासीनता जिला अस्पताल में पिछले करीब 12 वर्षों से किसी भी हृदय रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं हुई है। ऐसे में मौसम के मिजाज में बदलाव के साथ ही जिला अस्पताल की ओपीडी में हृदय रोगियों की बढ़ती संख्या परेशानी का सबब बनने लगी है।
रोजाना 50 से 60 मरीज हृदय रोग संबंधी दिक्कत को लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। ऐसे में मरीजों को समुचित जांच और विशेषज्ञ उपचार की सुविधा नहीं मिल पा रही है। हृदय रोगियों का इलाज फिजिशियन डॉ. अनुपम मिश्रा के सहारे चल रहा है। गंभीर हालात में आने वाले मरीजों को सीधे रेफर कर दिया जाता है।
अस्पताल में हृदय रोग की जांच की व्यवस्था न होना भी गंभीर मरीजों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। सामान्य दिनों में प्रतिदिन पहुंचने वाले 20 से 25 हृदय रोगियों की संख्या मौसम में बदलाव के बाद बढ़कर 50 से 60 तक पहुंच गई है। अधिकांश मरीज अचानक सीने में दर्द, घबराहट, सांस लेने में परेशानी और अन्य हृदय संबंधी शिकायतों को लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। ऐसे में विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी मरीजों की जान भी दांव पर लगा रही है।