सीतापुर। विधानसभावार अंतिम मतदाता सूची का बुधवार को प्रकाशन किया गया। इससे अब जिले में 31 लाख 25 हजार 937 मतदाता हो गए। इसमें सर्वाधिक पुरुषों की संख्या 16,69,251 है। महिला मतदाताओं की संख्या 14 लाख 56 हजार 512 है। यह अपने पसंदीदा विधायक को चुनने के लिए मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पुनरीक्षण में 26 हजार 190 मतदाता बढ़े हैं।
जिले में चार लोकसभा क्षेत्र आते हैं। इन क्षेत्रों की नौ विधानसभाओं का चुनाव होना है। इसकी तैयारियां की जा रही हैं। इसी के तहत डीएम जिला निर्वाचन अफसर के सुपरवीजन में मतदाता सूची का पुनरीक्षण कर अंतिम मतदाता सूची का प्रकाश किया गया है। विधानसभा वार प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार विधानसभा महोली में 2,92,603 पुरुष और 17,326 महिला मतदाता हैं।
सदर में 2,09,955 पुरुष व 1,86,331 महिला, हरगांव में 1,72,652 पुरुष और 1,52,536 महिला, लहरपुर में 1,85,973 पुरुष और 1,65,259 महिला, बिसवां में 1,78,430 पुरुष व 1,58,800 महिला मतदाता, सेवता में 1,69,697 पुरुष और 1,44,264 महिला, महमूदाबाद में 1,68,180 पुरुष व 1,47,147 महिला मतदाता, सिधौली में 1,88,247 पुरुष और 1,64,591 महिला व विधानसभा मिश्रिख में 1,94,414 पुरुष व 1,64,318 महिला मतदाता हैं।
जबकि थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 174 है। इस प्रकार कुल मतदाता 31 लाख 25 हजार 937 हैं। पुरुषों की संख्या 16,69,251 है। महिला मतदाताओं की संख्या 14 लाख 56 हजार 512 है। पुनरीक्षण के दरम्यान 26,190 मतदाता बढ़े हैं। सभी बूथों की मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। संबंधित बूथ के वोटर इसे देख सकते हैं।
सूची में 49 फीसदी से अधिक हैं युवा मतदाता
अंतिम मतदाता सूची में युवा मतदाताओं की संख्या 15 लाख 33 हजार 143 है। यह कुल मतदातओं के सापेक्ष 49 फीसदी से अधिक है। मतदाता सूची में आयुवार मतदाताओं की संख्या पर गौर करने से यह स्पष्ट हो रहा है, युवा मतदाता इस बार के विधानसभा चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। बनने वाली सरकार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों की सूची में इनका बोलबाला है। 18 व 19 साल के मतदाताओं की संख्या 36,457 है। 20 से 29 साल के मतदाताओं की संख्या छह लाख 61 हजार 736 है। 30 से 39 साल के मतदाताओं की संख्या आठ लाख 34 हजार 950 है।
चार लाख 21 हजार हैं बुजुर्ग मतदाता
मतदाता सूची में बुजुर्ग मतदाताओं की भी पर्याप्त संख्या है। वह अपने मन पसंद के प्रत्याशियों को आशीर्वाद देंगे। 869 वोटर सौ साल से अधिक उम्र के हैं। जबकि 90 से 99 साल के मतदाताओं की संख्या 8134 है। 80 से 89 वर्ष के वोटरों की संख्या 38,877 है। जबकि 70 से 79 साले के मतदाताओं की संख्या एक लाख 15 हजार 178 है और 60 से 69 साल के मतदाताओं की संख्या दो लाख 58 हजार 852 है।
महमूदाबाद विधानसभा में बढ़े सर्वाधिक मतदाता
पुनरीक्षण कार्य में सबसे अधिक रुचि विधानसभा महमूदाबाद के मतदाताओं ने दिखाई है। इसका परिणाम है कि यहां सर्वाधिक सात हजार 658 मतदाता बढ़े हैं। दो विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं की संख्या में कमी आई है। हरगांव विधानसभा क्षेत्र में 1094 मतदाता और विधानसभा क्षेत्र लहरपुर में 292 मतदाता कम हुए हैं।