सीतापुर। होली से पहले हरगांव विधानसभा क्षेत्र के बाशिंदों को लोक निर्माण मंत्री ने तोहफा दिया है। महोली-हरगांव-भदफर मार्ग से रमनाफार्म महादेव अटरा होते हुए देईरामा चौराहा तक मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन ने मंजूर कर लिया है। बीस करोड़ 92 लाख सात हजार रुपये खर्च कर उक्त कार्य कराया जाएगा। प्राथमिक तौर पर दो करोड़ नौ लाख बीस हजार रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है।
महोली, हरगांव, लहरपुर, भदपुर मार्ग से बाईं ओर एक रास्ता गया है। यह सड़क रमनाफार्म, बेहड़ा कोदौरा होते हुए महादेव अटरा तक जाने के बाद दूसरी सड़क से मिल जाती है। मौजूदा समय में यह सड़क कहीं ढाई मीटर तो कहीं तीन मीटर चौड़ी है। हरगांव के विधायक और कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने उक्त मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद से की थी। इस पर शासन ने इसका इस्टीमेट मांगा था। राहत की बात यह है कि शनिवार को शासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
प्रस्ताव के तहत सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर साढ़े पांच मीटर की जाएगी। लगभग नौ किलोमीटर लंबाई में उक्त कार्य कराया जाएगा। जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर उक्त कार्य कराया जाएगा।
इन गांवों के लोगों को मिलेगा लाभ
मार्ग के चौड़ीकरण से नौवापुर, अकै चनापुर, फरीदपुर, माहदेव अटरा, बेहड़ा कोदौरा, रमना फार्म, हरीरामपुर, बहादुरपुर, ककराही के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। इस मार्ग पर बालिका इंटर कालेज, गल्ला मंडी, प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय के साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी स्थित है।
श्रद्धालुओं की राह होगी आसान
महादेव अटरा में प्रसिद्ध शिवमंदिर है। न सिर्फ सावन में बल्कि हर सोमवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। मार्ग का चौड़ीकरण होने से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल जाएगी। साथ ही बड़े छोटे वाहनों की उपलब्धता भी हर वक्त बनी रहेगी। इसके अलावा गन्ना किसानों को भी राहत मिलेगी। अधिकांश किसान चीनी मिल तक गन्ना ले जाने के लिए उक्त मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। यह भी उल्लेखनीय है कि औसतन हर रोज 2760 वाहनों का आवागमन इसी मार्ग से होता है।
. 20 गांवों के बाशिंदों को मिलेगा लाभ
. 9300 मीटर लंबी है सड़क
. 5.50 मीटर हो जाएगी चौड़ाई
. 2092.07 लाख से होगा कार्य
. 209.20 लाख रुपये हो गए अवमुक्त
. 2760 वाहन हर रोज गुजरते इस मार्ग से