सदर तहसील में नामांकन करते लहरपुर से सपा प्रत्यार्शी अनिल वर्मा। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। तहसील सदर में नामांकन के पांचवें दिन सोमवार को नौ और प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। इसमें बसपा के तीन, सपा के दो, सुभासपा के एक और तीन निर्दलीय हैं। सभी अपने प्रस्तावकों के साथ नामांकन स्थल पहुंचे। आरओ के समक्ष नामांकन शपथ पत्र के साथ प्रस्तुत किया। शांतिपूर्ण नामांकन प्रक्रिया के लिए संपूर्ण परिसर में सुरक्षा बल तैनात रहा। सोशल डिस्टेंसिंग के साथ कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए सभी कार्यवाही की गईं।
जिले में 27 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुुई है। तहसील सदर के दो भवनों के विभिन्न कक्षों में नामांकन दाखिल किए जा रहे हैं। पहले दिन केवल नामांकन पत्र प्रत्याशियों द्वारा प्राप्त किए गए थे। इस दिन किसी भी उम्मीदवार ने पर्चा नहीं दाखिल किया था। दूसरे दिन विभिन्न दलों सहित निर्दलीयों ने छह नामांकन पत्र दाखिल किए थे। तीसरे दिन शनिवार को मात्र चार प्रत्याशियों ने पर्चा भरा था। चौथे दिन रविवार के कारण अवकाश रहा। पांचवें दिन सोमवार को नौ नामांकन पत्र दाखिल हुए।
विधानसभा सदर से चौधरी टोला निवासी पंकज मिश्रा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया। सपा प्रत्याशी राधेश्याम जायसवाल ने दूसरा सेट नामांकन का दाखिल किया। वह पूर्व में नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। विधानसभा हरगांव से सुमन ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन किया। लहरपुर विधानसभा से समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी अनिल कुमार वर्मा ने पर्चा आरओ के समक्ष प्रस्तुत किया।
इसी विधानसभा से बसपा प्रत्याशी मो. जुनैद अंसारी और निर्दलीय प्रत्याशी राकेश कुमार ने पर्चा दाखिल किया है। बिसवां विधानसभा से सपा प्रत्याशी अफजाल कौसर ने नामांकन दाखिल किया। यहीं से बसपा प्रत्याशी हासिम अली ने प्रस्तावकों के साथ पर्चा भरा। महमूदाबाद विधानसभा से बसपा प्रत्याशी मीशम अम्मार रिजवी ने आरओ एसडीएम महमूदाबाद के समक्ष नामांकन दाखिल किया।
मिश्रिख विधानसभा से सुभासपा के अधिकृत प्रत्याशी पूर्व मंत्री रामपाल राजवंशी के बेटे मनोज कुमार राजवंशी ने नामांकन किया। वह अपने निज निवास स्थित बट्सगंज से बैलगाड़ी पर बैठकर लालबाग चौराहे तक आए। बैलगाड़ी हांकने का काम रामपाल राजवंशी कर रहे थे। यह चर्चा का विषय रहा।
तीन विधानसभा के आरओ करते रहे इंतजार
छह विधानसभा क्षेत्रों में नौ नामांकन पत्र दाखिल किए गए। तीन विधानसभा क्षेत्र के आरओ सुबह 11 से शाम तीन बजे तक इंतजार करते रहे, किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। विधानसभा क्षेत्र महोली, सेवता और सिधौली से नामांकन नहीं दाखिल किए गए। इससे यहां सन्नाटा पसरा रहा। कई उम्मीदवार नामांकन के लिए पर्चा ले गए।