अमर शहीद भोला सिंह के गांव अंदूपुर को जोड़ने वाली सड़क पहली बारिश में ही उखड़ने लगी: संवाद
सकरन। मानसून की शुरुआती बारिश में ही अमर शहीद के गांव तक बनाई गई सड़क उखड़ने लगी है। गांव वालों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
सकरन ब्लॉक में अमर शहीद भोला सिंह के गांव अंदूपुर को जोड़ने वाली सड़क का डामरीकरण कुछ दिन पहले ही लोक निर्माण विभाग ने कराया था। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब एक किमी लंबी सड़क को मात्र तीन घंटे में बनवाया गया था। आरोप है कि टूटी-फूटी एजिंग पटरी होने के बावजूद बगैर पानी छिड़के व बगैर डस्ट हटाए और बिना रोलर चलवाए सड़क बनवा दी गई। जिसकी पोल बृहस्पतिवार की सुबह हुई बारिश ने खोल दी। बारिश में सड़क की गिट्टियां उखड़ गईं। ग्रामीण दिनेश, राजाराम, आशाराम, अनुज, रामशंकर, विशेष सिंह, दिनेश सिंह, अनुभव, वीर बहादुर, कल्लू, सुरेश, वेदनाथ, चंद्रशेखर, दीपू आदि ने बताया कि सड़क निर्माण मानक विहीन हुआ है। सड़क पर डाली गई बजरी पहली बारिश में ही उखड़ रही हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर सड़क निर्माण की जांच व उचित कार्रवाई करवाए जाने की मांग की है। (संवाद)