सीतापुर। जिला महिला अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराई गई महिला के ऑपरेशन के बाद मंगलवार को नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही और ऑपरेशन के नाम पर धनउगाही करने का आरोप लगाया।
वहीं, अस्पताल प्रशासन ने आरोपों को निराधार बताते हुए समय से उपचार किए जाने की बात कही है। खैराबाद क्षेत्र के मासूमपुर गांव निवासी प्रीति को आठ अगस्त को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि करीब नौ घंटे तक उन्हें भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद हालत बिगड़ने पर महिला को भर्ती कर ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद प्रीति ने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन मंगलवार को नवजात की मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि एक चिकित्सक ने ऑपरेशन के नाम पर उनसे रुपये की मांग की। उनका कहना है कि यदि महिला को समय से भर्ती कर उपचार और ऑपरेशन किया जाता तो शायद नवजात की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश रहा और उन्होंने अस्पताल में इलाज की व्यवस्था पर सवाल उठाए।
इस संबंध में जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. सुनीता ने आरोपों को बेबुनियाद बताया।