सीतापुर। नई जीएसटी दरें लागू होने से कारोबार में उछाल आने की उम्मीद से व्यापारी उत्साहित हैं। नई दरें प्रभावी होने के पहले दिन ऑटोमोबाइल सेक्टर में ग्राहकों की गहमा-गहमी नजर आई। बाइक और कार के शोरूम में लोगों ने पहुंचकर पसंदीदा वाहनों के संबंध में जानकारी हासिल की। जीएसटी की नई दरों के बाद किस वाहन पर कितनी कीमतें कम होंगी, यह जानने की उत्सुकता सबसे ज्यादा रही। शहर में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर व्यापारियों ने बताया कि पुराने माल का स्टॉक जब तक खत्म नहीं हो जाता है, तब तक पुराने दाम और उसी जीएसटी पर माल की बिक्री की जाएगी। नया माल खरीदने पर पता चलेगा कि जीएसटी की नई दरें बढ़ी हैं या कम हुई हैं। व्यापारियों ने बताया कि इस बार दीपावली में अच्छी बिक्री होने की उम्मीद जीएसटी की नई दरों ने जगा दी है।
बाजार में बढ़ी चमक
प्रधानमंत्री ने जीएसटी का जो तोहफा लोगों का दिया है, उससे बाजार में रौनक आई है। लोग जीएसटी की घोषणा के कारण ही रुके हुए थे। नवरात्र के पहले दिन खूब इंक्वायरी आई है। उम्मीद है कि दीपावली तक कारोबार में प्रतिवर्ष की अपेक्षा तीन गुना उछाल आएगा।
- यशवर्धन अग्रवाल, एमडी कांसेप्ट कार लिमिटेड
बुकिंग में आया उछाल
जीएसटी घोषणाओं का ऑटोमोबाइल बाजार पर सीधा असर पड़ा है। कारों की बुकिंग में भारी उछाल आया है, जिससे कारोबारियों में खुशी है। पितृपक्ष खत्म होते ही सरकार की घोषणाओं का बाजार पर असर दिखने लगा है। कारोबारी व ग्राहक दोनों उत्साहित हैं।
अमन जौहरी, जीएम कांसेप्ट कार लिमिटेड
बिक्री बढ़ने की उम्मीद
जीएसटी की नई दरें प्रभावित होने के बाद बाजार में रौनक आने की संभावना दिख रही है। अभी नया सामान आया नहीं है। नया सामान आने पर बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। दिवाली का त्योहार भी करीब है। ऐसे में अच्छे कारोबार की संभावना है।
- गगनदीप दिलवानी, देवसन इलेक्ट्रॉनिक्स
अच्छे कारोबार की उम्मीद
प्रधानमंत्री ने त्योहारी सीजन में ग्राहक व व्यापारी दोनों को बड़ी सौगात दी है। इस बार दिवाली पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है। बाइक के अलग-अलग मॉडल की जानकारी लेने ग्राहक आ रहे हैं। फीचर व कीमत के आधार पर पसंद भी कर रहे हैं।
- गोपाल अग्रवाल, बुधराम टीवीएस
जनप्रतिनिधियों ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
प्रधानमंत्री के जीएसटी तोहफे से आम जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से विधायक महमूदाबाद आशा मौर्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की। इसी तरह विधायक मनीष रावत ने भी इसे एक उत्कृष्ट कदम बताया है।