सकरन। हैंडपंप रिबोर व ह्यूम पाइप के नाम पर दो लाख रुपये निकाले, पर एक भी हैंडपंप दुरुस्त नहीं कराया। ह्यूम पाइप भी नहीं डलवाए गए। सेमरा खुर्द के ग्रामीणों ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की है। बीडीओ ने जांच के निर्देश दिए हैं।
सकरन ब्लॉक की ग्राम पंचायत सेमरा खुर्द में इंडिया मार्का कुल 22 हैंडपंप लगे हुए हैं। इनमें से छह हैंडपंप एक वर्ष से खराब पड़े हैं। इन्हें ठीक करवाने के लिए ग्रामीणों ने बीडीओ को कई बार शिकायती पत्र दिए, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया।
इसके बाद जिम्मेदारों ने ग्राम पंचायत में कल्लूराम, कमलेश, साइना खां, प्रेम कुमार आदि के घरों के पास खराब पड़े हैंडपंपों के रिबोर व मरम्मत के नाम पर 14 अप्रैल को 1.41 लाख रुपये निकाल लिए। इसके अलावा रास्तों पर डलवाने के लिए ह्यूम पाइप के नाम पर 48,700 रुपये का भुगतान भी 14 अप्रैल को करा लिया गया। इसके बावजूद न तो हैंडपंप दुरुस्त कराए गए और न ही ह्यूम पाइप ही डलवाए गए।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रधान व सचिव ने केवल दो पाइप लाकर गांव के बाहर एक खेत में डलवा दिए थे, जो अभी भी वहीं पड़े हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की शिकायत करते हुए जांच कराने की मांग की है। खंड विकास अधिकारी श्रीश कुमार गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच कराई जा रही है।