सीतापुर। गेहूं खरीद में लापरवाही बरतने वाली 18 साधन सहकारी समितियों के सचिवों का वेतन रोक दिया गया है। संबंधित सचिवों की ओर से संचालित क्रय केंद्र पर 50 क्विंटल से कम गेहूं खरीद की गई है। डीएम अभिषेक आनंद की नाराजगी के बाद सहायक आयुक्त, सहकारिता नवीन चंद्र शुक्ल ने संबंधित समितियों के अध्यक्ष को वेतन रोके जाने संबंधी पत्र भेजा है।
मूल्य समर्थन योजना के तहत जिले में संचालित गेहूं क्रय केंद्रों पर की जा रही खरीद की जिला प्रशासन की ओर से प्रतिदिन मॉनीटरिंग की जा रही है। प्रत्येक तहसील से केंद्रवार प्रतिदिन खरीदे गए गेहूं की रिपोर्ट एडीएम, जिला खरीद अधिकारी को भेजी जा रही है।
बी पैक्स सहकारी समितियों की ओर से भी गेहूं की खरीद की जा रही है। समीक्षा करने पर पता चला कि 18 समितियों की ओर से 50 क्विंटल से भी कम गेहूं की खरीद की गई है।