बिसवां/सीतापुर। सीएचसी बिसवां में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सीएचसी अधीक्षक ने जांच की बात कही है। बिसवां के ग्राम कोटरा निवासी पम्मी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने सीएचसी में भर्ती कराया था। उसके बाद पम्मी ने एक लड़के को जन्म दिया।
पति विशाल यादव और उसके चाचा विजय का कहना है कि रात में अधिक खून बह जाने से प्रसूता की हालत और बिगड़ गई। उपचार के बाद खून बहना बंद हो गया था। इसके बाद प्रसूता की तबियत फिर से बिगड़ने लगी। तब चिकित्सकों ने रेफर करने की बात कही। तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कपूर का कहना है कि महिला का सही तरीके से इलाज करके डिलीवरी कराई गई थी। मां ने शिशु को दूध पिलाया था लेकिन अचानक चार घंटे बाद उसकी मौत हो गई है।