गोंडा। शहर के प्रमुख मार्गों व रास्ते पर जरूरतमंद भीषण ठंड में ठिठुरने पर मजबूर थे। एसपी विनीत जायसवाल ने शहर के गुरुनानक चौराहे व अन्य स्थानों पर पहुंचकर रिक्शा चालकों, फुटपाथ पर सो रहे जरूरतमंदों और राहगीरों को कंबल दिया तो उनके चेहरे खिल उठे।
मंगलवार रात नए वर्ष पर कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत व हुड़दंगियों को रोकने के लिए एसपी विनीत जायसवाल, एएसपी (पश्चिमी) राधेश्याम राय और एएसपी (पूर्वी) मनोज रावत के अलावा सभी सीओ व प्रभारी निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्र में सड़क पर निकले तो लोग ठंड से कांपते दिखे।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि नए वर्ष पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत रात एक बजे से तीन बजे तक चेकिंग अभियान चलाया गया है। इस दौरान संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई है।