सीतापुर। कोरोना टीकाकरण को लेकर महत्वपूर्ण खबर है। जिन लोगों ने अभी तक बूस्टर डोज नहीं लगवाई है, वह रविवार को निशुल्क बूस्टर डोज लगवा सकते हैं। रविवार को महाअभियान चलाया जाएगा। इस दिन बची हुई करीब 15 हजार डोज लगाने का लक्ष्य है।
जिले में कोरोना टीकाकरण चल रहा है। दो सप्ताह पहले जिले को 26900 डोज मिली थी। यह डोज 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को लगाई जानी थी। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने जिले की 19 सीएचसी व शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इस्माइलपुर, दुर्गापुरवा व सदर बाजार व जिला महिला अस्पताल को 1300-1300 डोज दी थी।
तब से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब इन वैक्सीन को रविवार तक हर हाल में खपाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए रविवार को पूरे जिले में टीकाकरण का महाअभियान चलाया जाएगा। इसलिए सभी सीएचसी अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने यहां पर बची हुई डोज को अवश्य समाप्त कर दें।
जिले में इस समय करीब 15 हजार डोज बची है। ऐसे में उन लोगों के पास निशुल्क डोज लगवाने का सुनहरा अवसर है, जिन्होंने इसे नहीं लगवाया है। अगर रविवार को चूके तो इसके लिए आपको पैसे खर्च करने पड़ेगे। प्राइवेट केंद्र पर 283 रुपये में डोज लगवाई जा रही है।
नियमित टीकाकरण भी होगा
रविवार को कोविड की बूस्टर डोज शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगाई जाएगी। दो सप्ताह पहले शुरू हुए नियमित टीकाकरण की कवायद भी पूरी होगी। इस दिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित टीकाकरण के साथ कोविड टीकाकरण भी होगा।
बूस्टर डोज जिन केंद्रों पर बची है, उसको रविवार को समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। जिन लोगों ने नहीं लगवाई है, वह केंद्र पर पहुंचकर इसे लगवा लें।
- डॉ. पीके सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी