महमूदाबाद। उदासीन संगत की करीब 60 बीघा भूमि की बिक्री के बाद नामांतरण कराने की कोशिश को झटका लगा है। भूमि से संबंधित कई मुकदमे विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन होने के चलते तहसीलदार न्यायालय ने दाखिल-खारिज का वाद निरस्त कर दिया है। करीब छह माह पहले महंत संतोष दास ने यह जमीन एक निजी कंपनी को बेची थी। भूमि की बिक्री में तथ्यों को छिपाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
तहसीलदार न्यायालय के आदेश के अनुसार, महंत संतोष दास ने छह मई 2026 को उदासीन संगत की गाटा संख्या चार के कुल 3.298 हेक्टेयर रकबे में से 2.4609 हेक्टेयर और गाटा संख्या 125 की 2.354 हेक्टेयर भूमि सुख समृद्धि अल्फा स्टेट प्राइवेट लिमिटेड को बेची थी। जमीन खरीदने के बाद कंपनी के अधिकृत हस्ताक्षरी सुनील कुमार श्रीवास्तव ने राजस्व अभिलेखों में कंपनी का नाम दर्ज कराने के लिए तहसीलदार न्यायालय महमूदाबाद में नामांतरण वाद दाखिल किया था।
उदासीन संगत की भूमि से संबंधित कई मुकदमे पहले से विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन हैं। इस पर तहसीलदार न्यायालय ने 28 अक्तूबर को नामांतरण वाद निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया।