बड़ागांव (सीतापुर)। महोली कोतवाली क्षेत्र में खेत की रखवाली करने गए एक किसान की शुक्रवार रात धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की लाश खेत से चंद कदमों की दूरी पर सड़क के किनारे पड़ी मिली। सुबह लोग जब खेतों की ओर गए तो घटना की जानकारी हुई। परिवार ने पड़ोस के ही एक गांव के चार लोगों को नामजद किया है। घटना के पीछे ठेके पर लिए गए खेत की रंजिश बताई जा रही है।
महोली कोतवाली क्षेत्र के मूड़ाहूसा गांव निवासी रामचंद्र वर्मा (45 ) पुत्र किशन वर्मा शुक्रवार की रात रोज की तरह अपने खेत की रखवाली करने गया था। उसके खेत में धान की फसल बोई थी। रात में उसकी धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। सुबह जब गांव के लोग खेतों की ओर गए तो खेत से चंद कदमों की दूरी पर पाल्हापुर मार्ग पर करौंदी मोड़ के निकट रामचंद्र का शव पड़ा मिला। उसके सिर व गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी हमले के जख्म थे।
लोगों ने शव पड़ा देख कर उसकी पहचान की और मृतक के घर वालों को सूचना दी। खबर पाकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। साथ ही वहां आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर पाकर इंस्पेक्टर बृजेश मिश्रा हमराही बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच पड़ताल के बाद उच्चाधिकारियों को खबर दी। जिसके बाद सीओ यतेंद्र सिंह नागर भी जांच करने पहुंचे।
एसपी आरपी सिंह ने भी महोली कोतवाली पहुंच कर जांच पड़ताल की है। घटना को लेकर मृतक के परिवार वालों ने पड़ोसी गांव पाल्हापुर के चार लोगों को नामजद किया है। परिवार वालों का कहना है कि मृतक रामचंद्र ने पाल्हापुर गांव के लोगों का खेत ठेके पर ले रखा था। उसी में लेन-देन को लेकर रंजिश चल रही थी। जिसके चलते रामचंद्र की हत्या की गई है। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार मिश्रा का कहना है कि परिवार के लोगों ने पड़ोस स्थित पाल्हापुर निवासी चार लोगों को नामजद किया है। केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
किसान की हत्या की खबर पाते ही न सिर्फ लोगों की भीड़ जमा हो गई, बल्कि आनन-फानन में कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल के दौरान घटनास्थल से शराब की कुछ शीशियां, मृतक की टॉर्च व उसका टिफिन बरामद किया है। सूत्र बताते हैं कि मृतक के टिफिन में खाना रखा हुआ था। जिससे प्रतीत होता है कि वह खाना नहीं खा पाया। शराब की शीशियां बरामद होने से माना जा रहा है कि हत्यारों ने घटना से पूर्व शराब भी पी होगी। जिसके बाद किसान को मौत के घाट उतार दिया गया है। फिलहाल पुलिस इन सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।