मिश्रिख। मेला मैदान में आयोजित छह दिवसीय मिश्रिख प्रीमियर लीग सीजन-1 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का मंगलवार देर रात रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ समापन हुआ। खिताबी भिड़ंत में मुंबई इंडियंस ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स जमुनापुर को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। अंतिम दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले देखने के लिए मैदान में दर्शकों की काफी भीड़ जुटी।
पहले सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई इंडियंस व विश्वास पैंथर्स की टीम के बीच हुआ। इसमें मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जैदान की शतकीय पारी की मदद से विश्वास पैंथर्स के सामने 145 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विश्वास पैंथर्स की टीम मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सकी और पूरी टीम 81 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में सनराइजर्स जमुनापुर ने केके इलेवन को शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले का टॉस मुख्य अतिथि आरएसएस विभाग प्रचारक अभिषेक और समाजसेवी अखंड प्रताप वर्मा ने कराया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने निर्धारित आठ ओवर में 88 रन बनाए। जैदान ने एक बार फिर तेज बल्लेबाजी की। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स जमुनापुर की टीम मुंबई इंडियंस की सधी हुई गेंदबाजी के सामने संघर्ष करती नजर आई और निर्धारित लक्ष्य से पहले ही ऑल आउट हो गई। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस ने जीत हासिल कर खिताब व ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।