बिसवां। रामपुरकलां के पकरिया गांव में मंगलवार को स्कूल के पास कार की चपेट में आकर बाइक सवार रामपुर निवासी महफूज (21) की मौत हो गई। महफूज सुबह किसी काम से टेड़वा चौराहा गए थे। काम निपटाकर वह दोपहर को बाइक से वापस घर लौट रहे थे। पकरिया गांव स्कूल के पास सिधौली की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में महफूज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोनों पैर टूट गए। लोगों ने उनको एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बिसवां पहुंचाया, जहां से उनको प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हालत में सुधार न होने पर परिजन उनको निजी वाहन से लखनऊ ले जाने लगे। इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस को मौके से कोई हेलमेट नहीं मिला है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। वहीं चालक कार मौके पर छोड़कर निकला भाग निकला। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। सीओ सिधौली वेदप्रकाश ने बताया कि परिजनों की तरफ से मिलने वाली तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल कार चालक की तलाशकी जा रही है।(संवाद)