सिधौली। इलाके में महमूदाबाद मार्ग पर शनिवार को रोड रोलर की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि एंबुलेंस समय से नहीं पहुंचने के कारण इलाज में देरी से युवक की जान गई है।
रामपुरकलां के कलिमापुर गांव निवासी बबलू कुमार (23) शनिवार को बाइक से कहीं जा रहे थे। रमदाना गांव के निकट ईदगाह चौराहे पर एक युवक सड़क पार कर रहा था। उसे बचाने की कोशिश में बाइक पलटने से बबलू सड़क पर गिर गए। इसी बीच वह रोड रोलर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। लोगों ने बताया कि एंबुलेंस समय पर नहीं आई। करीब 20 मिनट बाद आई एंबुलेंस से बबलू को सिधौली सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके पर हेलमेट नहीं मिला है।