महमूदाबाद। नूरपुर में शारदा सहायक नहर के एक किनारे बृहस्पतिवार को लेडीज चप्पलें व दुपट्टा पड़ा मिला था। स्थानीय लोगों ने किसी युवती के नहर में कूदने की आशंका जताई थी। शुक्रवार को एक युवती के परिजनों ने दुपट्टा व चप्पलों से पहचान की। देर शाम नूरपुर से करीब पांच किलोमीटर दूर नहर में युवती का शव मिल गया।
मुंडेरा निवासी कुसुमा ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह परिजनों के साथ अपने खेत में धान की रोपाई करने गई थीं। उनकी पुत्री मोहिनी यादव (21) घर में खाना बना रही थी। मोहिनी ने खाना बनाने के बाद खेत आने की बात कही थी, लेकिन वह नहीं आई। परिजन घर लौटे तो मोहिनी नहीं मिली। काफी देर तक तलाशने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। उधर, पुलिस ने नहर के किनारे मिले दुपट्टे और चप्पलों की फोटो सोशल मीडिया पर साझा कीं। कुसुमा ने बताया कि दुपट्टा मोहिनी का है। इंस्पेक्टर प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि युवती की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद से नहर में सर्च अभियान चलाया गया। शुक्रवार शाम नहर में मोहिनी का शव मिल गया।
छह माह पूर्व हुआ था तलाक
कुसुमा ने बताया कि मोहिनी की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व हुई थी। वैवाहिक मतभेदों के कारण करीब छह महीने पहले मोहिनी का पति से तलाक हो गया था। मोहिनी ने यह कदम क्यों उठाया, इस बारे में परिजन कुछ भी नहीं बता पा रहे हैं।