मॉडल सिटी के तहत अब शहर में विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी। पहले दौर में यहां पांच चौराहे विकसित किए जाएंगे। बुधवार को एमएलसी आनंद भदौरिया और सदर विधायक राधेश्याम जायसवाल संयुक्त रूप से पूजन कर नींव रखेंगे।
मॉडल सिटी प्रोजेक्ट के तहत सीतापुर का चयन किया गया है। इस योजना के पहले चरण में शहर के पांच चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इनमें लालबाग चौराहा, बस स्टाप चौराहा, जिला अस्पताल तिराहा, कैप्टन मनोज पांडे चौक व जीआईसी चौराहे शामिल हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट रामसेवक द्विवेदी ने बताया कि तीन अगस्त को मॉडल सिटी के कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि एमएलसी आनंद भदौरिया, शहर विधायक राधेश्याम जायसवाल संयुक्त रूप से पूजन अर्चन कर मॉडल सिटी के तहत होने वाले कार्यों का शुभारंभ करेंगे।
यह समारोह लालबाग चौराहे पर दोपहर 12 बजे होगा। उन्होंने बताया कि चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए आवास विकास परिषद को कार्यदायी संस्था नामित किया गया हैं। अगले चरण में पुराने सीतापुर के कोट चौराहे का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।