बिसवां (सीतापुर)। कस्बे में बड़े चौराहे के पास एक मोबाइल स्टोर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जिससे मोबाइल सहित करीब 18 लाख रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया। दमकल टीम ने लोगों की मदद से मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दमकल टीम पहुंचने से पहले ही अधिकतर सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
बिसवां कोतवाली इलाके के सरावगी टोला निवासी जसमीत सिंह उर्फ पिंटू सरदार का बड़े चौराहा स्थित पत्थर शिवाला मार्केट में एमआई कंपनी के मोबाइल का शोरूम है। इस शोरूम में रविवार रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी, जिससे शोरूम में रखे करीब 18 लाख रुपये के मोबाइल सेट, एसेसरीज, एलईडी, टीवी, एसी, इंवर्टर, फर्नीचर व दो लाख रुपये की नकदी जलकर नष्ट हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची। तब तक शोरूम का अधिकतर सामान जलकर राख हो चुका था। शोरूम मालिक जसमीत सिंह ने बताया कि उसे रात करीब एक बजे सूचना मिली।
कुछ लोगों ने फोन किया कि शोरूम से धुआं निकल रहा है। मौके पर पहुंचकर दमकल विभाग को सूचना दी गई। जब तक दमकल टीम पहुंची, तब तक दुकान के अंदर का अधिकतर सामान जलकर राख हो चुका था। घटना की जानकारी कोतवाली बिसवां को दी गई है।