महमूदाबाद। महमूदाबाद की विधायक आशा मौर्य जल्द ही मुख्यमंत्री योगी से मुलाकात कर उन्हें प्राथमिक विद्यालय नदवा से जुड़े पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट सौंपेंगी। इसके लिए क्षेत्रीय विधायक ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए समय मांगा है। मुलाकात के दौरान विधायिका सीएम को इस पूरे मामले से जुड़ी बारीकियों के साथ ही आई लव मोहम्मद प्रकरण के बारे में अवगत कराएंगी। उम्मीद है कि दशहरा पर्व के बाद उनकी मुलाकात सीएम से होगी।
बेल्ट कांड के बाद महमूदाबाद का नदवा गांव सुर्खियों में है। शिक्षा विभाग के जिम्मेदारों के बीच चल रही आपसी राजनीति के कारण नदवा गांव का स्कूल तीन दिन चले हंगामे के बाद जिला प्रशासन के हस्तक्षेप से वापस खुला था। विधायक आशा मौर्य ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट अपने स्तर पर तैयार की है, जिसे वह मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करेगी। इसमें विशेषतौर से पूरे मामले में जिम्मेदारों द्वारा बरती गई लापरवाही को उजागर किया जाएगा।
विधायक का मानना है कि अधिकारियों ने इस मामले को बहुत गंभीरता से नहीं लिया, जिससे विपक्ष को राजनीति का मौका मिला। इसके अलावा वह सदरपुर के आई लव मोहम्मद से जुड़े प्रकरण से भी सीएम को अवगत कराएंगी। विधायक आशा मोर्य ने बताया कि दशहरा के बाद क्षेत्र की कई समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी। इस दौरान विशेषतौर पर नदवा प्रकरण और आई लव मुहम्मद से जुड़े मामले की रिपोर्ट सीएम के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।