कुंवरगड्डी (सीतापुर)। अटरिया में सोमवार रात अराजकतत्वों ने गोरखपुर एक्सप्रेस पर पत्थर फेंके। इससे ट्रेन के शीशे टूट गए। मंगलवार को विभाग के अधिकारियों ने मौके पर जांच की।
सोमवार रात करीब 8:45 बजे गाेरखपुर एक्सप्रेस पीलीभीत से लखनऊ जा रही थी। अटरिया स्टेशन से इटौंजा के बीच अराजकतत्वों ने ट्रेन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस वजह से ट्रेन के थर्ड एसी के कोच बी-9 में सीट संख्या 47 व 48 के शीशे टूट गए।
अचानक हुई घटना से सीटों पर मौजूद यात्री काफी भयभीत हो गए। सभी शोर मचाने लगे। यात्री सुधांशु ने रेल अधिकारियों से शिकायत की है। लखनऊ मंडल डीआरएम गौरव अग्रवाल ने मामले को संज्ञान में लेते हुए मंगलवार सुबह लखनऊ से रेलवे पुलिस को घटनास्थल की हकीकत जानने के लिए भेजा।
टीम ने बलवंतपुर व जयपालपुर रेलवे क्राॅसिंग पर जाकर उपस्थित गेटमैन व राहगीरों से पूछताछ की। उन्होंने कई अन्य बिंदुओं पर भी जांच की है। अटरिया के स्टेशन मास्टर सौरभ ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आरपीएफ जांच कर रही है।