हरगांव (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में बदमाशों ने कार सवार व्यापारी के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने असलहे के दम पर व्यापारी से 22 हजार रुपये और मोबाइल छीन लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। स्वाट सर्विलांस की टीमें घटना का खुलासा करने में जुटी हैं।
क्षेत्र के दौलतपुर निवासी वीरेंद्र यादव पेशे से व्यापारी हैं। हरगांव जूनियर हाई स्कूल के सामने उनकी किराना की दुकान है। शनिवार रात लगभग 9.30 बजे वे दुकान बंद कर कार से घर जा रहे थे। उनके साथ उनका पुत्र मोहित व दुकान पर काम करने वाले गांव निवासी अनिल कुमार व सुशील भी मौजूद थे। रात करीब 10 बजे पिपराधूरी मार्ग पर पुलिया के पास सड़क पर बल्ली पड़ी थी।
पीड़ित कार रोक कर बल्लियां हटाने लगा। इसी दौरान कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो बदमाशों नेपीटना शुरू कर दिया। बदमाशों ने पीड़ित व उनके पुत्र को असलहे के दम पर बंधक बनाते हुए 22 हजार रुपये लूट लिए। साथ ही बदमाश सभी लोगों का मोबाइल भी छीनकर फरार हो गए।
पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की है। सीओ सदर राजू कुमार ने देर रात मौके पर जाकर मामले की तहकीकात की। एसओ भानू प्रताप सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। खुलासे के लिए स्वाट टीम को भी लगाया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया गया है।