सीतापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को हुई समीक्षा बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह के सख्त तेवर दिखे। उन्होंने बैठक में प्रस्तुत प्रगति रिपोर्ट बुकलेट में आंकड़ों से की छेड़छाड़ को मौके पर ही पकड़ कर अफसरों की जमकर क्लास लगाई। प्रभारी मंत्री अपने साथ पूर्व में हुई समीक्षा बैठक की बुकलेट भी लाए थे। नई बुकलेट से मिलान करने पर सभी आंकड़े पुरानी वाली बैठक से ही जुड़े निकले।
पुराने आंकड़ों को नई बुकलेट में फिर से पेश कर दिए जाने पर प्रभारी मंत्री ने डीएम अभिषेक आनंद, एसपी चक्रेश मिश्र व सीडीओ निधि बंसल की मौजूदगी में डीडीओ को जमकर फटकार लगाते हुए काम काज में सुधार लाने की चेतावनी दी। प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह दो दिवसीय जनपद भ्रमण पर हैं। इस दौरान शनिवार को उन्होंने सुबह भाजपा कोर कमेटी की बैठक में हिस्सेदारी की। उन्होंने जिला इकाई के पदाधिकारियों से सदस्यता अभियान की जानकारी लेते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की जरूरत जताई।
इसके बाद दोपहर में कलेक्ट्रेट सभागार मेें हुई समीक्षा बैठक में शासकीय कार्याें के साथ ही विकास कार्याें व महत्वाकांक्षी ब्लॉकों की प्रगति व बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के कार्याें की विस्तार से समीक्षा हुई। सरकारी अस्पतालों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता न होने की शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए प्रभारी मंत्री ने सभी मरीजों को शत प्रतिशत दवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कहा कि हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर निर्धारित मानकों के अनुसार क्रियाशील कराया जाएं।
इस दौरान मौजूद विधायक ज्ञान तिवारी ने बाढ़ और कटान से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण में ढिलाई बरतने का मामला उठाया। इस पर निर्देश दिया गया कि बाढ़ पीड़ितों को मुहैया कराई जाने वाली कार्यों की तहसील स्तर पर दैनिक रिपोर्ट तैयार कराई जाए। बैठक में सिधौली विधायक मनीष रावत, विधायक महोली शशांक त्रिवेदी, विधायक निर्मल वर्मा व अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को प्रभारी मंत्री के समक्ष उजागर किया।