रामपुर मथुरा। जिम से घर लौट रहे जिम ट्रेनर की शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। गौरा गांव के पास बाइक की टक्कर के बाद गिरे जिम ट्रेनर को पीछे से आ रहे खाद लदे ट्रक ने कुचल दिया। ट्रक में फंसकर बाइक करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे से आक्रोशित परिजनों ने रामपुर मथुरा-गुड़ाईचा मार्ग पर ढाई घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम खुल सका।
कस्बा निवासी रंजीत सिंह (35) सदरपुर स्थित जिम सेंटर में ट्रेनर थे। शुक्रवार सुबह वह जिम से बाइक से घर लौट रहे थे। रामपुर मथुरा-गुड़ाईचा मार्ग पर गौरा गांव के पास सामने से आ रही एक बाइक उनकी बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर तीन लोग सवार थे। टक्कर के बाद रंजीत सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहा खाद लदा ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। ट्रक में फंसने से बाइक और रंजीत करीब 50 मीटर तक घिसटते चले गए।
हादसे में गंभीर रूप से घायल रंजीत को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस पर अभद्रता का आरोप
परिजनों के अनुसार, वह ट्रक को लेकर थाने जा रहे थे। आरोप है कि बांसुरा पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता और हाथापाई की। इससे नाराज परिजनों ने रामपुर मथुरा स्थित एचआर पेट्रोल पंप के पास सड़क जाम कर दिया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब ढाई घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। सीओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों ने ट्रक में लदी खाद की वैधता को लेकर भी आशंका जताई है। उन्होंने मामले की जांच कराने की मांग की है और इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है।
10 साल से मायके में रह रही थी पत्नी
परिजनों के अनुसार रंजीत का विवाह वर्ष 2011 में थानगांव क्षेत्र के गड़रियनपुरवा गांव निवासी युवती से हुआ था। दोनों के बीच विवाद के चलते पत्नी करीब दस साल से मायके में रह रही थी। उनका 10 वर्षीय पुत्र अर्शदीप भी मां के साथ ननिहाल में रहता है। दोनों के बीच तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
रंजीत सिंह
रंजीत सिंह