धूप से बचने के लिए दुपट्टे से सिर ढककर निकलतीं युवतियां। संवाद
सीतापुर। जिले में पिछले 48 घंटे में तापमान तेजी से बढ़ा है। शुक्रवार को तापमान अधिकतम 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री रहा। सूरज की तपिश और लू के थपेड़े लगातार झुलसाते रहे। शुक्रवार को भीषण गर्मी के चलते अधिकतर लोग घरों में ही रहे।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने बताया कि मौसम विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार लू के कारण तापमान अधिक हो गया है। एक सप्ताह में इसमें इजाफा होने की संभावना है। बताया कि ऐसे मौसम में शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) व ऐंठन की शिकायत आती है। शहरी क्षेत्रों में तापमान उच्चतम हो जाने से अर्बन हीट आइलैंड की स्थिति बन जाती है। हीटवेव (लू) से वृद्ध, बच्चे, गर्भवती महिलाएं, बीमार, मजदूर, दुर्बल व निराश्रित लोग अधिक प्रभावित होते हैं। बताया कि हीटवेव से बचाव एडवाइजरी जारी की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि हीट वेव से बचाव के लिए कड़ी धूप में विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे के बीच बाहर जाने से बचें। दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलें, बहुत आवश्यक हो तो ही बाहर निकलें। घर से निकलने से पहले पानी पियें और भूखे न निकलें। हल्के रंग के ढीले-ढाले और सूती कपडे पहनें, धूप में निकलते समय अपना सिर ढककर रखें। टोपी या छाता, गमछा आदि का उपयोग करें। संभव हो तो कपड़े को गीला कर प्रयोग करें। पर्याप्त और नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। खुद को हाइड्रेट रखने के लिए ओआरएस घोल, नारियल का पानी, लस्सी, चावल का पानी, नींबू का पानी, छाछ, आम पन्ना, नमक व चीनी का पानी, शिकंजी व सत्तू इत्यादि घरेलू पेय पदार्थों को इस्तेमाल करें। साथ ही रेडियो, टीवी, समाचार पत्रो वो अन्य डिजिटल माध्यमों से स्थानीय मौसम और तापमान की जानकारी रखें।