सीतापुर। सीएम सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में 1184 जरूरतमंद बेटियों की शादी कराई जाएगी। इसके लिए तैयारियां शुरू की गई है। निकायों के अधिशासी अधिकारी (ईओ) और एडीओ को जोड़ों के चयन की जिम्मेदारी दी गई है। चयनित जोड़ों के आधार पर विवाह मंडप कहां सजाए जाएंगे, इसका निर्धारण किया जाएगा।
सीएम सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति जोड़ा 51 हजार रुपये खर्च किए जाते है। बेटी के खाते में 35 हजार भेजने के साथ ही शेष धनराशि विवाह उपयोगी सामग्री और मंडप सजाने आदि में खर्च की जाती है। योजना के तहत अभी तक 1090 जोड़ों की शादियां कराई जा चुकी है। इसी वित्तीय साल में 1184 जोड़ों की शादी कराई जानी है। इसके लिए प्रतिमाह लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जनवरी के अंतिम सप्ताह तक लक्ष्य पूर्ति के लिए वैवाहिक जोड़ों का चयन कर उनके आवेदन पत्र भरवाए जाने हैं। पात्र जोड़ों की सूचियां 15 जनवरी तक उपलब्ध कराई जानी है। इससे वैवाहिक तिथियों का निर्धारण संबंधित जिम्मेदारों से बात करके तय किया जा सके। शहरी क्षेत्र के जोड़ों को चयन संबंधित निकाय के अधिशासी अधिकारी की ओर से किया जाना है। ग्रामीण क्षेत्र के जोड़ों का चयन एडीओ और ग्राम विकास अधिकारी समाज कल्याण को करना है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्ष मवार ने बताया कि 1184 जोड़ों का चयन करने के लिए सभी ईओ, एडीओ व ग्राम विकास अधिकारी को पत्र भेजा गया है।