सीतापुर। जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योग्य निजी चिकित्सकों को सूचीबद्ध किया जाए। इमरजेंसी मेडिकल प्रोटोकॉल तैयार कर आपातकालीन स्थिति में इसका शत प्रतिशत पालन किया जाये। यह बात जिले की नोडल अधिकारी महानिरीक्षक निबंधन, आयुक्त स्टांप मिनिस्ती एस ने कही।
नोडल अधिकारी जिले के दो दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने मंगलवार को पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में बैठक कर शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति, कोविड प्रोटोकाल व संक्रामक रोगों के नियंत्रण अभियान की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पूरे जिले में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराते हुए लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। कोरोना वायरस संक्रमण, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि रोगों के प्रसार का भौगोलिक स्थिति के अनुसार वितरण प्रस्तुत किया जाए। ताकि क्षेत्रवार इनके नियंत्रण केु लिए प्रभावी कार्रवाई की जा सके। जिन क्षेत्रों में इनका प्रकोप अधिक हो, वहां पर विशेष प्रबंध किए जाएं। नोडल अधिकारी ने फोकस्ड इंटेलिजेंट एफर्ट करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
डीएम विशाल भारद्वाज ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने एवं संक्रामक रोगों के नियंत्रण के संबंध में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस मौके पर सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा, जिला विकास अधिकारी राकेश कुमार पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राजीव दीक्षित, एसडीएम सदर अमित भट्ट, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. आरएस पांडेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।