मछरेहटा में नहर में फेंका गया मेडिकल वेस्ट। -संवाद
मछरेहटा। भारासैनी पुलिया के पास नहर में रविवार को बड़ी मात्रा में ग्लूकोज की खाली बोतलें, इस्तेमाल की गई सिरिंज और अन्य मेडिकल वेस्ट पड़ा मिला। नहर में पानी भरा होने से ग्रामीणों में संक्रमण और पर्यावरण को लेकर चिंता है। उनका कहना है कि पानी पीने पहुंचने वाले पशु सिरिंज या अन्य मेडिकल कचरे की चपेट में आ सकते हैं।
बरचंद्रपुर निवासी सुक्खड़, गोविंद, नरेश और राजू ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में सक्रिय कुछ झोलाछाप इलाज के बाद निकलने वाले मेडिकल कचरे को उचित तरीके से निस्तारित करने के बजाय नहर में फेंक देते हैं। इस्तेमाल की गई सिरिंज से सुई चुभने और संक्रमण का खतरा बना हुआ है। मेडिकल वेस्ट से मिट्टी और जलस्रोत भी प्रभावित हो सकते हैं।
ग्रामीणों ने गांव के प्रशासक पर नियमित फॉगिंग न कराने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि फॉगिंग उपकरण खरीदे जाने के बावजूद उनका प्रभावी इस्तेमाल नहीं हो रहा है। उन्होंने नहर से मेडिकल वेस्ट हटवाने, कचरा फेंकने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने और क्षेत्र में फॉगिंग कराने की मांग की है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। सीएचसी से टीम भेजकर जांच कराई जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई भी होगी।