महोली। जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोर व अस्पतालों पर कार्रवाई के लिए बुधवार को प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने एक मेडिकल स्टोर व उसकी आड़ में चल रहे एक अवैध अस्पताल को वैधानिक दस्तावेज न दिखाने पर सील करने की कार्रवाई की।
नायब तहसीलदार वसुंधरा त्रिपाठी के नेतृत्व में सीएचसी अधीक्षक डॉ. दीपांशु शुक्ला व जिला औषधि निरीक्षक अनीता कुरील की संयुक्त टीम ने बुधवार दोपहर क्षेत्र के मस्जिद बाजार में वर्मा मेडिकल स्टोर की जांच-पड़ताल की। इस दौरान सुचित वर्मा द्वारा संचालित मेडिकल स्टोर पर भारी मात्रा में एक्सपायरी व अन्य प्रतिबंधित दवाएं मिली। इसके बाद मेडिकल स्टोर का संचालन बंद कराते हुए सील करने की कार्रवाई की गई।
इसी दौरान ग्रामीणों ने पड़ोस में ही खाली पड़े मकान में मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा बिना पंजीकरण के अवैध अस्पताल संचालित किए जाने की जानकारी भी दी। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को अस्पताल में ताला पड़ा मिला। पहले तो मेडिकल स्टोर संचालक सुचित वर्मा ने काफी देर तक चाबी न होने का बहाना किया। टीम की सख्ती के बाद मेडिकल स्टोर संचालक ने जब ताला खोला तो उसमें मरीज भर्ती करने के लिए बेड, दवाएं व अस्पताल के उपकरण मिले।
अधीक्षक ने अवैध रूप से संचालित अस्पताल को सील करने की कार्रवाई करने के साथ ही संचालक को नोटिस जारी कर लिखित जवाब भी मांगा है। इसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी। इलाके में टीम के जांच-पड़ताल करने की खबर फैलते ही अन्य निजी अस्पताल व मेडिकल स्टोर के संचालक अपना प्रतिष्ठान बंद कर निकल भागे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. दीपांशु शुक्ला ने बताया कि अवैध रूप से संचालित अस्पतालों पर कार्रवाई नियमित तौर पर जारी रहेगी।