सीतापुर। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 22 मेधावियों को बुधवार को जीआईसी सभागार में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डीएम व सांसद ने मेधावियों को टैबलेट, प्रशस्ति पत्र व नकद धनराशि की चेक सौंपी।
इस दौरान प्रदेश की मेरिट में स्थान बनाने वाले मेधावियों को एक लाख व जिले की मेरिट में स्थान हासिल करने वाले को 21 हजार की चेक सौंपी। हाईस्कूल में सीता इंटर कॉलेज की प्रियांशी सोनी ने प्रदेश टॉप किया था। प्रियांशी को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। इसके अलावा अन्य 22 मेधावियों को डीएम अनुज सिंह, सांसद राजेश वर्मा ने चेक दी। साथ ही उन्हें प्रशस्ति पत्र व टैबलेट दिए गए तो सबके चेहरे खिल उठे।
डीएम ने कहा कि विद्यार्थी की सफलता में 80 फीसद हाथ शिक्षक का होता है। इसलिए शिक्षक का सम्मान भी अवश्य करना चाहिए। सांसद राजेश वर्मा ने कहा जब शिक्षक व विद्यार्थी बेहतर सांमजस्य बनाकर अध्यापन करते है तो निश्चित ही सफलता मिलती है। डीआईओएस राजेंद्र सिंह ने कहा 20 साल की नौकरी में सीतापुर में आने का मौका मिला। पहली बार में जब जिले से एक छात्रा ने प्रदेश टॉप कर दिया तो सीना चौड़ा हो गया है। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों के प्रधानाचार्यों को भी डीएम ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला व्यायाम शिक्षक राज शर्मा ने किया। इस दौरान सीता बाल विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य रमेश मंगल वाजपेयी, शिक्षक एमएलसी प्रतिनिधि पंकज पांडेय, जीआईसी प्रधानाचार्य अनूप तिवारी, सुभाष, सचिन, विजय द्विवेदी व आशीष कश्यप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अमर उजाला ने भी बढ़ाया हौसला
माध्यमिक शिक्षा विभाग की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से भी 22 मेधावियों को सम्मानित किया गया। डीएम अनुज सिंह व सांसद राजेश वर्मा मेधावियों को प्रमाणपत्र, मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर हौंसला बढ़ाया। मेधावियों ने कहा हर साल अमर उजाला होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित करता है।
सरकारी विद्यालय के अगले विद्यार्थी बने टॉपर
डीएम ने कहा जिले की मेरिट में एक भी बच्चा सरकारी विद्यालय का नहीं है जबकि विद्यालयोंं में सभी संसाधन मौजूद है। इस पर डीएम ने प्रधानाचार्यो से हाथ उठवाकर संकल्प दिलाया कि अगले साल कम से कम हाईस्कूल व इंटर में प्रदेश के मेरिट में एक-एक बच्चा जरूर शामिल हो। उन्होंने कहा इसके लिए प्रत्येक सरकारी विद्यालय एक ग्रुप बनाएं जिसमें होनहार 30 विद्यार्थियों को चयनित करके उन पर मेहनत करें।
इनको मिला सम्मान
हाईस्कूल के 11 व इंटरमीडिएट के 11 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल में सम्मान पाने वालों में कशिश वर्मा, अंशिका पटेल, इर्शिता श्रीवास्तव, प्रांशी गुप्ता, अदिति वर्मा, श्रेया सिंह, अतुल वर्मा, दृष्टि मिश्रा, अदिति शर्मा, प्रियांशी सिंह व मनीष कुमार शामिल है। इंटरमीडिएट में अंकित यादव, सत्येंद्र पटेल, अंशिका गुप्ता, आकांक्षा वर्मा, चांदनी मौर्या, डाली वर्मा, प्रतिभा वर्मा, वैभव सिंह, आयुष कुमार वर्मा, अंशुल वर्मा शामिल है।