मछरेहटा में शौर्य जागरण यात्रा में शामिल संत व अन्य।
मछरेहटा। कस्बे में अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा विराट हिंदू शौर्य जागरण यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम की शुरुआत नैमिषारण्य के महामंडलेश्वर विद्यानंद सरस्वती महाराज ने भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप जलाकर की।
यह यात्रा भारा सैनी मंदिर से शुरू होकर फूलमती मंदिर तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर संतों व श्रद्धालुओं का स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर भंडारे आयोजित कर प्रसाद, फल और जल वितरित किया गया। सौरभ दीक्षित ने साधु-संतों व यात्रा पर पुष्पवर्षा की, जबकि जलालपुर तिराहे पर हरिओम गुप्ता की ओर से स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। कार्यक्रम में रामगोपाल अवस्थी, मछरेहटा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विजय भार्गव, मिश्रिख नगरपालिका प्रतिनिधि अजय भार्गव आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह संयोजक अवध प्रांत महेंद्र पांडेय ने की। व्यवस्थाओं में ब्रह्मदीन यादव, न्यायिक तहसीलदार, लेखपाल मुकेश अवस्थी, सुभाष श्रीवास्तव आदि का सहयोग रहा।
सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्राधिकारी मिश्रिख विशाल गुप्ता, मछरेहटा थानाध्यक्ष रजनीश वर्मा, पिसावां थाना अध्यक्ष प्रभात गुप्ता, संदना थानाध्यक्ष प्रिंस सोनकर पुलिस बल के साथ तैनात रहे। इस अवसर पर संजय राठौर, राजकुमार रस्तोगी, राजन रस्तोगी, मछरेहटा प्रधान प्रतिनिधि मनोज रावत, बीहट बीरम प्रधान चंदन सिंह, शेखर सिंह, अनिल रस्तोगी, दिलीप मिश्रा, जगदंबा प्रसाद अवस्थी आदि मौजूद रहे।