धनतेरस को लेकर दुकानदारों ने ऑफरों की झड़ी लगा दी है। बर्तन, सोने-चांदी के जेवरों की खरीद पर व्यवसायी कीमतों में छूट दे रहे हैं। वाहन विक्रेता कीमतों के साथ हेलमेट फ्री दे रहे हैं। गुरुवार को बाजार सजकर तैयार हो गए हैं।
खरीदारों के उमड़ने से बाजारों में रौनक है। धनतेरस पर व्यापारियों को करीब ढाई करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद गुप्ता कहते हैं कि धनतेरस ऐसा त्योहार है, जब लोग खुलकर खरीदारी करते हैं। बीते दो वर्षों से धनतेरस पर सवा दो करोड़ रुपये का कारोबार होता आ रहा है। इस बार ढाई करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।
बर्तन व रसोई उपकरणों के व्यवसायी दिनेश राय ने बताया कि पिछली बार की तुलना में इस बार ज्यादा कारोबार की उम्मीद है। वे बर्तन की खरीद पर ग्राहकों को 100 से 1000 रुपये तक की छूट दे रहे हैं। अन्य बर्तन व्यवसायी भी विशेष ऑफरों से ग्राहकों को लुभा रहे हैं। पूरे जिले में बर्तन का कारोबार 50 लाख रुपये होने की उम्मीद है।
जिले में धनतेरस पर दो पहिया वाहनों की अधिक बिक्री होती है। बाइक विक्रेता अशोक कुमार अग्रवाल, अनमोल अग्रवाल ने बताया कि बाइकों पर ऑफर हैं। 500 रुपये का हेलमेट भी दिया जा रहे हैं।
डॉ. अरुण सिंह कहते हैं कि बाइकों की ब्रिकी पर हेलमेट व वाहन की कीमत में छूट दी जा रही है। जिले के अन्य वाहन विक्रेताओं ने भी वाहनों पर विशेष ऑफर दे रहे हैं। जिले में कई वाहनों को लोग पहले ही बुक करा चुके हैं, जो धनतेरस के दिन घर ले जाएंगे। इस बार करीब 90 लाख रुपये का वाहन कारोबार होने की उम्मीद है।
धनतेरस के दिन लोग सोने व चांदी के जेवरों की भी खरीदारी करते हैं। सराफा व्यवसायी राकेश जायसवाल, गोपाल गुप्ता ने बताया कि इस बार चांदी के चम्मच, कटोरी, प्लेट, थाली, मछली, सूप, नारियल, सिक्के, दीपक आदि तैयार किए गए हैं।
लोग चांदी के दीपक से पूजा अर्चना कर सकेंगे। मछली व नारियल भी पूजन के काम आता है। इसी तरह से पूरे जिले में सराफा दुकानदारों ने विशेष तरह की तैयारियां की हैं। इस बार जिले में सराफा बाजार को 50 लाख रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है।
बर्तन, बाइक, जेवर के अलावा अन्य सामानों को लेकर भी दुकानें सजी हुई हैं। इनमें टीवी, फ्रिज, गीजर, कपड़े का कारोबार शामिल हैं। कारोबारी सोनू कहते हैं कि ग्राहकों को लगभग हर सामान पर विशेष छूट दी जा रही है। इसके अलावा कई ऑफर दिए जा रहे हैं, जिनमें कीमतों में छूट व उपहार शामिल है। जिले के कारोबारियों को इस बार 60 लाख रुपये के कारोबार की उम्मीद है।