सीतापुर। एलिया ब्लॉक क्षेत्र के सहरोई गांव में एक बार फिर से मलेरिया संक्रमण ने दस्तक दे दी है। बारिश का मौसम आते ही जानलेवा बीमारी का कहर शुरू हो चुका है। एक महिला की मलेरिया से हुई मौत की खबर से हरकत में आई स्वास्थ्य टीमों ने रविवार को गांव पहुंचकर जांच की। मलेरिया संदिग्ध मानकर लोगों की जांच की। इसमें छह मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं।
ऐलिया ब्लॉक के गांव सहरोई कालिका बख्श निवासी 55 साल की महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसके बाद मलेरिया से महिला की मौत की सूचना सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा को हुई। सीएमओ ने रविवार को स्वास्थ्य टीमों को मौके पर भेजा। हालांकि टीम की जांच में ये साफ नहीं हो पाया कि महिला की मौत की असल वजह क्या है।
न तो महिला की कोई जांच हुई थी और न ही मौत के बाद पोस्टमार्टम हुआ। ऐसे में मौत कैसे हुई? ये कहना मुश्किल है। हालांकि स्वास्थ्य टीम तो दावा कर रही है कि मलेरिया से मौत नहीं हुई है, लेकिन टीम के दावों पर यकीन करना भी मुश्किल है। वजह है कि जब टीमें रविवार को गांव पहुंचीं तो यहां संदिग्ध मानकर 16 लोगों की मलेरिया जांच कराई गई, इसमें छह मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इससे इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि गांव में मलेरिया का संक्रमण फैल चुका है। ऐलिया सीएचसी के डॉ. नंदलाल गुप्ता ने बताया कि टीम ने गांव पहुंचकर जांच की है। फॉगिंग कराकर प्रधान से गांव की साफ-सफाई कराने को कहा गया है। बताया कि मृतक महिला के बारे में ग्रामीणों से जानकारी की गई। उन लोगों ने बताया कि महिला काफी दिन से बीमार थी। उसकी जांच और इलाज नहीं हो रहा था। ग्रामीणों की मानें तो पिछले साल महिला के पति की मलेरिया से मौत हो गई थी। इस गांव में पिछले वर्ष जानलेवा बीमारी ने कई जानें ले ली थीं।
रविवार को मलेरिया पॉजिटिव मिले मरीजों को टीम ने दवाएं वितरित की हैं और जागरूक करते हुए साफ-सफाई पर ध्यान देने को कहा है। टीम ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि बारिश का मौसम है। घरों के आसपास गंदा पानी कतई जमा न होने दें।