एक आशा बहू ने रेउसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. कमलेश चंद्रा पर घूस लेने का आरोप लगाया है। उसने घूस लेते हुए उनकी एक वीडियो क्लीपिंग भी बनाई है।
आशा बहू ने यह वीडियो क्लीपिंग डीएम इंद्रवीर सिंह यादव को सौंप दी है। उधर, मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने जांच के आदेश दिए हैं।
रेउसा के थ्योरा निवासी मंदाकिनी देवी आशा बहू है। उसका आरोप है कि रेउसा सीएचसी प्रभारी डॉ. कमलेश चंद्रा बगैर सुविधा शुल्क लिए कोई काम नहीं करते। खासकर आशा बहुओं का जमकर शोषण कर रहे हैं।
आशा बहुओं को साल में मिलने वाले 23 हजार रुपये तभी खाते में पहुंचते हैं जब 10,500 रुपये नगद डॉक्टर को दे दें। जननी सुरक्षा में मिलने वाले 400 रुपयों में 120 नगद लेते हैं। डिलीवरी के रुपयों में 100 रुपये लेते हैं।
यदि कोई आशा बहू विरोध करती है, तब आरोपी डॉक्टर रुपये रोक लेने के साथ पद से हटा देने की धमकी देते हैं। ऐसे ही तमाम आरोपों का एक पत्र मंदाकिनी देवी ने जिलाधिकारी को दिया है।
उसने डॉ. कमलेश चंद्रा की आशा बहू से रुपये लेते हुए एक वीडियो क्लीपिंग भी डीएम को सौंपी है। मंदाकिनी का कहना है मंगलपुरवा की विजय लक्ष्मी, मिला देवी, राजापुर की विमला देवी, पकरियापुर की नीलम देवी आदि आशा बहु डॉक्टर की मनमानी कार्यशैली से परेशान हैं। बगैर सुविधा शुल्क दिए वह हक का रुपया नहीं देते हैं। शिकायत के बाद डीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
किरन देवी नाम की एक आशा बहू को 2000 रुपये उधार दिए थे। किरन ने जब रुपये लौटाए तो किसी ने चुपके से वीडियो क्लीपिंग बना ली।
- डॉ. कमलेश चंद्र, सीएचसी प्रभारी, रेउसा
एक आशा बहू द्वारा रेउसा स्वास्थ्य के प्रभारी पर घूस लेने का आरोप लगाया गया है। आशा बहू ने जिलाधिकारी से शिकायत की है। जिलाधिकारी ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।
- डॉ. हरगोविंद सिंह, सीएमओ