सीतापुर। केंद्र सरकार के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत डाक विभाग में दस वर्ष की आयु की बालिकाओं के लिए सुकन्या समृद्धि योजना संचालित है। उनके सुकन्या समृद्धि खाते खोलने के लिए डाक विभाग ने जिले के 42 उप डाकघरों में एक दिवसीय सुकन्या समृद्धि महालॉगिन अभियान चलाया।
यह अभियान जिले की बेटियों को सशक्त करने के उद्देश्य से चलाया गया। डाक अधीक्षक पुरुषोत्तम नाथ ने बताया कि इस पहल के तहत सीतापुर में प्रत्येक डाकघर में सुकन्या समृद्धि कैंप लगाया गया। बताया कि 20 दिसंबर को एक दिवसीय कैंप में सुकन्या समृद्धि योजना के 3381 खाते खोलने का कीर्तिमान स्थापित किया गया है।
यह डाकघर रहे अव्वल
डाक अधीक्षक पुरुषोत्तम नाथ ने बताया कि इस अभियान के तहत महोली उपडाकघर जिले के 42 उपडाकघरों में 303 अकाउंट के साथ अव्वल रहा है। महोली के बाद सिधौली में 219 व बिसवां में 210 खाते खुलवाए गए हैं।
ये है पात्रता
डाक अधीक्षक पुरुषोत्तम नाथ ने बताया कि इस योजना का लाभ सिर्फ गरीब वर्ग की बालिकाएं ही नहीं बल्कि 10 वर्ष की आयु की कोई भी पात्र बालिका उठा सकती है। देश की बेटियों के भविष्य को उज्ज्वल व सशक्त करने के उद्देश्य से यह योजना बनाई गई है। इसी सुविधा प्रत्येक डाकघर में उपलब्ध है। इस योजना में खाता खुलवाने के लिए आधार कार्ड एक अनिवार्यता है।