सीतापुर। महमूदाबाद की यह धरती सांस्कृतिक, ऐतिहासिक धरोहरों को समेटे है। हमारी नई पीढ़ी को महमूदाबाद के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक भूगोल को जानना और समझना होगा। पहली बार आयोजित हो रहे महमूदाबाद महोत्सव के माध्यम से यहां के लोगो को एक नया अनुभव प्राप्त होगा। यह बात विधायक आशा मौर्या ने एक निजी मैरिज लाॅन में आयोजित चार दिवसीय महमूदाबाद महोत्सव का शुभारंभ करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि महमूदाबाद का नाम देश-प्रदेश में होने लगा है। यहां के बच्चे यूपी टाॅप करते हैं तो गर्व की अनुभूति होती है। शिक्षा के साथ साथ अब यह क्षेत्र सांस्कृतिक गतिविधियों में अग्रणी होने जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप जलाकर हुआ। अतिथियों का स्वागत आयोजक लेखा गुप्ता और उनकी टीम ने माल्यार्पण और स्मृति चिह्न देकर किया।
पहले दिन कानपुर से आए पीसी जादूगर द्वारा जादू और टैलेंट शो का प्रदर्शन किया गया। बच्चों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही घोड़े और ऊंट की सवारी का आनंद लिया। इस अवसर पर राखी गुप्ता, प्रिया वर्मा, श्रद्धा सिंह, अंजना कौर, श्रद्धा श्रीवास्तव, हर्षित पोरवाल, राहुल वर्मा आदि उपस्थित रहे।