महमूदाबाद/महोली। नगर पालिका परिषद महमूदाबाद व नगर पंचायत महोली का शासन ने सीमा विस्तार कर दिया है। इन दोनों निकायों में आस पड़ोस के गांवों को शामिल किया गया है। इससे यहां के लोगों को अब बेहतर तरीके से सुविधाएं मिलेंगी।
नगर पालिका महमूदाबाद के अध्यक्ष प्रतिनिधि अंबरीश गुप्ता ने बताया कि सीमा विस्तार में छह ग्राम पंचायतों के 10 राजस्व गांव को शामिल किया गया है। जिसमें ग्राम पंचायत सुकईपुर, इचौली, चतुराबेहड़, लेलकलां, माल सरायं, गुलरामऊ हैं। ग्राम पंचायतों में पैसा कम होता है जिससे ग्राम पंचायतों में बहुत अधिक विकास नहीं हो पाता था।
अब नगर पालिका में शामिल होने ऐसे गांवों में भी तेजी से विकास होने लगेगा। महमूदाबाद नगर पालिका में जो ग्राम पंचायत शामिल हुई हैं, उसमें सांसद कौशल किशोर, सांसद राजेश वर्मा, विधायक आशा मौर्या, सभासद सहित जनता का सहयोग रहा है। इन गांवों के नगर पालिका में शामिल होने से तेजी से विकास होने लगेगा। महोली नगर पंचायत का सीमा विस्तार कर दिया गया है। जिसमें आसपड़ोस के महोली देहात, महसुनिया देहात, अरोरा, गुजिया, कटीली व बढ़ाईयां शामिल है।