सीतापुर। मछरेहटा के कटरा गांव निवासी अविनेश (35) की दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार को जब शव गांव पहुंचा तो चोट के निशान देख परिजनों ने पत्नी पर हत्या की आशंका जाहिर की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
परिजनों के अनुसार अविनेश दो वर्ष से दिल्ली में रहकर मजदूरी करते थे। पत्नी सुमन और तीन बच्चे भी उनके साथ दिल्ली में रहते थे। अविनेश की भतीजी कालिंद्री ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे उन्होंने सुमन को फोन किया। उधर से सुमन ने बताया कि अविनेश के हाथ-पैर नहीं चल रहे हैं। वह बोल भी नहीं पा रहे हैं। यह कहकर उन्होंने फोन काट दिया। दिल्ली में अविनेश के पड़ोस में ही रहने वाले गांव के लोग तुरंत उनके घर पहुंचे। उन लोगों को अविनेश मृत अवस्था में मिले।
मृतक के पिता ने बताया कि जब शव घर लाया गया तो नाक से खून निकला था। पैर व पीठ पर चोटों के निशान थे। इससे उन्होंने सुमन या किसी करीबी पर ही हत्या करने की आशंका जाहिर की। थानाध्यक्ष प्रभात गुप्ता ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत दिल्ली में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।