महोली (सीतापुर)। टेकेश्वर नाथ मंदिर के पास मैदान में स्वर्गीय जानकी पहलवान की स्मृति में मंगलवार शाम कुश्ती प्रतियोगिता हुई। मुख्य अतिथि सांसद धौरहरा आनंद भदौरिया ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल में होने वाली प्रतियोगिताओं से युवाओं में शारीरिक व मानसिक विकास होता है। यही युवा आगे चलकर देश का नाम रोशन करते हैं। कुश्ती प्रतियोगिता में जिले व गैर जनपद के 24 से अधिक पहलवान शामिल रहे।
प्रतियोगिता में लखीमपुर के लुकमान व सीतापुर के छत्रपाल के बीच रोचक मुकाबला हुआ। लुकमान ने बाजी मारी। इसके बाद लुकमान लखीमपुर व जितिन श्रीवास्तव शाहजहांपुर के बीच तीन बार मुकाबला हुआ। दोनों पहलवानों ने भरसक जोर आजमाइश की। तीनों बार मुकाबला बराबरी पर रहा।
क्षेत्रीय पहलवान इम्तियाज महेवा व पूरनपुर के उस्मान के बीच हुए मुकाबले में इम्तियाज ने उस्मान को पटकनी देकर जीत अपने खाते में दर्ज की। सुहेल लखीमपुर व सौरभ गद्दीपुर के बीच हुए मुकाबले में सुहेल विजयी रहे। मुकेश लखीमपुर व आयुष पाल्हापुर के बीच आयुष ने जीत दर्ज की। राजीव लखीमपुर व रोहित सीतापुर के बीच हुए मुकाबले में पहलवान राजीव विजेता रहे। मोहित रामनगर व आकाश सीतापुर के बीच हुई कुश्ती में आकाश ने जीत दर्ज की।
अर्जुन सीतापुर व आफताब बम्हौरा के बीच हुए मुकाबले में आफताब ने अर्जुन को पटखनी देकर जीत अपने नाम दर्ज कराई। इस बीच मैदान में युवाओं व बुजुर्गों ने योगा का प्रदर्शन कर खूब तालियां बटोरी। अखाड़े में मौजूद दर्शक पहलवानों का हौसला अफजाई करते रहे। देर शाम आयोजक पूर्व सैनिक गुरु प्रसाद ने जीत हासिल करने वाले पहलवानों को पुरस्कृत किया। इस दौरान अरुण दीक्षित मोनू, राम शंकर, विमल कश्यप, मोनू मिश्रा, दिनेश गुप्ता टीटू, गौतम श्रीवास्तव, विवेक पांडे, कपिल मिश्रा,आदि मौजूद रहे।