महराजनगर (सीतापुर)। थाना सकरन इलाके में शनिवार की रात अज्ञात कारणों के चलते किराना दुकान में आग लग गई। लपटें उठते देख मौके पर पहुंचे लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निकांड में करीब चार लाख के नुकसान का आंकलन किया गया है। घटना के बाद मुआवजे की मांग को लेकर गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम ने लोगों को आश्वासन देकर शांत कराया।
सकरन इलाके के भिठमनी निवासी संजय की किराना दुकान है। शनिवार की रात वह दुकान बंदकर घर चला गया। घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही उसे दुकान में आग लगने की जानकारी हुई। सूचना पाकर दुकानदार मौके पर पहुंचा, तब तक दुकान से आग की लपटों को उठता देख आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे गए। कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। किराना दुकान का शटर तोड़ने में ही एक घंटा लग गया। तब तक दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। दुकानदार के मुताबिक अग्निकांड में चार लाख का नुकसान हुआ है।
बताया कि बहन की दो दिन बाद शादी है, शादी का सामान दुकान में ही रखा था। आग लगने पर शादी का सामान जलकर खाक हो गया है। घटना को लेकर लोगों ने बिसवां-लहरपुर मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया। लोग आग लगने से हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग पर अड़े थे। हंगामा करने की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम बिसवां अनुपम मिश्र, सीओ बिसवां, सकरन पुलिस, पूर्व विधायक निर्मल वर्मा मौके पर पहुंचे और मदद करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। गुस्साए लोगों ने इसके बाद जाम खत्म कर दिया।