सीतापुर। लॉकडाउन के दौरान जिले में आटा, दाल, चावल व सब्जी के दाम बढ़ गए है। व्यापारी इसके बाहर से सामान न आने की बात कह रहे है। वहीं जिला प्रशासन पर्याप्त सामान होने की बात कह रहा है।
पांच दिन से देश में लॉकडाउन चल रहा है। इस दौरान केवल आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई चल रही है। जिला प्रशासन भले ही पर्याप्त मात्रा में खाद्य पदार्थों का स्टॉक होने की बात कह रहा है, लेकिन दावे इसे उल्टा है। हाल यह है आटा 28 रुपये व चावल 27 रुपये किलो बिक रहा है।
यही पांच दिन पहले आटा 24 व चावल 22 रुपये किलो बिक रहा था। इसी प्रकार अरहर की दाल 85 की जगह अब 95 रुपये में बिक रही है। उरद की दाल 90 से बढ़कर 120 रुपये में आ गई है। मूंग की दाल 120 से बढ़कर 140 पर पहुंच गई है। चीनी 36 से 40, नमक 10 से 15 व ब्रांडेड नमक 15 से 25 रुपये किलो तक पहुंच गया है।
इसके अलावा धनिया, मिर्च, हल्दी प्रिंट रेट से 5 से 10 रुपये अधिक बेचे जा रहे है। यही हाल सब्जी का भी है। आलू 20 से 40, प्याज 25 से 40 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा है। इसके पीछे थोक व्यापारियों का कहना है हम लोग जहां से सामान मंगा रहे है वहां पर ही महंगा मिल रहा है, तो कैसे प्रिंट रेट पर बेचे। वही डिमांड के मुताबिक सामान भी नहीं मिल पा रहा है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
मुश्किल में छोटे व्यापारी
जिले में छोटे किराना व्यापारी लालबाग बाजार की थोक मार्केट से सामान खरीदते है। इन छोटे व्यापारियों के सामने सबसे बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। जब यह बाजार आते है तो थोक व्यापारी स्टॉक न होने की बात कहकर वापस कर देते है। इससे इन व्यापारियों के पास अब स्टॉक नहीं बचा है। यह रोजाना बाजार आते है और बैरंग लौट जाते है। जो भी सामान मिलता है वह महंगे रेट पर होता है। इससे आम लोग भी महंगा सामान खरीद रहे है।
पर्याप्त है स्टॉक
जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद्य पदार्थों का स्टॉक है। व्यापारियों को कालाबाजारी न करने की सख्त हिदायत दी है। अगर कही पर खाद्य पदार्थों की दिक्कत है तो कंट्रोल रूम व मुझे अवगत कराएं। कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी।
- संजय प्रसाद, जिला आपूर्ति अधिकारी
खाद्य पदार्थों की कीमतें तय
सीतापुर। कालाबाजारी रोकने के लिए जिलाधिकारी ने खाद्य पदार्थों की कीमत तय कर दी है। इससे अधिक अगर कोई बेचता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी ने बताया कि आलू 25 रुपये किलो, प्याज 30 रुपये, टमाटर 30, मिर्चा हरा 70, लहसुन 100, भिंडी 50, तोराई 50, कद्दू 30, लौकी 30, करेला 40 रुपये किलो रखा गया है। फल में केला 40 रुपये प्रति दर्जन, संतरा 40 व अंगूर 70 रुपये किलो बिकेगा। अगर खाद्यान्न की बात की जाए तो आटा 25-28, चावल 25-30, चीनी 38, माचिस एमआरपी पर, नमक 20, दूध 45 से 55, सरसों का तेल 105-120 व एलपीजी 838.50 प्रति सिलेंडर मिलेगा। इस सूची को प्रत्येक दुकानदार को बाहर चस्पा करना होगा।