सीतापुर में विज्ञा स्कूल से ड्रग वेयर हाउस के निर्माण कार्य का शिलान्यास करते मुख्यमंत्री योगी ?
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। विश्व क्षय रोग दिवस पर बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पोलियो की तरह टीबी को भी हराएंगे। अगर सामूहिक रूप से समाज का हर तबका क्षय रोग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शामिल होगा तो 2025 से पहले इस लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। सीतापुर के कमलापुर स्थित विद्या ज्ञान स्कूल पहुंचे सीएम ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत कई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने रिमोट से इलेक्ट्रॉनिक दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। सीएम ने सबसे पहले गोरखपुर और मेरठ जिले की एलपीए लैब का डिजिटल उद्घाटन किया। गोरखपुर में स्थापित की गई आरटी पीएमयू का डिजिटल शुभारंभ व अलग-अलग जिलों में स्थापित 451 ट्रूनॉट मशीनों का लोकार्पण किया। जिलों में 25 डिजिटल एक्स-रे और सीतापुर समेत 21 जिलों में ड्रग वेयर हाउस का शिलान्यास किया।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि 2025 तक देश को टीबी से मुक्त करना है। इस सपने को हम सब को मिलकर साकार करना है। पहली बार 1882 में क्षय रोग के विषाणु की पहचान हुई थी, लेकिन इतने वर्षों के बाद भी अब तक दुनिया को इस रोग से मुक्ति नहीं मिली। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने दुनिया के सामने 2030 तक इस रोग से मुक्ति का लक्ष्य रखा है, जिस तरह से हमने पोलियो पर नियंत्रण पाया है।
उसी तरह इस रोग पर भी विजय पाना है। इस अभियान से यूपी में 2020 की तुलना में 2021 में क्षय रोग के मरीजों की संख्या कम होती दिखाई दे रही है। सीएम ने कहा, पूरी दुनिया ने कोरोना महामारी के खिलाफ अभियान चलाया है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई इस बात को साबित करती है कि हमने इस पर नियंत्रण पाया है।
सुबह 10:21 बजे से लेकर 10:50 तक यानी करीब 29 मिनट तक सीएम ने अपने संबोधन में टीबी की बीमारी से लेकर कोरोना से बचाव और एहतियात बरतने की जरूरी बातें बताई। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से लखनऊ रवाना हो गए।