मौसम ने मंगलवार दोपहर अचानक करवट ली। आसमान पर काली घटाएं छा गईं और देखते ही देखते रिमझिम होने लगी। बादलों से गिरती फुहारों ने लंबे अर्से से बारिश के लिए तरस रहे लोगों में एक आस भी जगाई लेकिन बामुश्किल 10 मिनट फुहारें पड़ने के बाद मौसम साफ हो गया।
यह फुहारें भी जिले के कई हिस्सों में नहीं पड़ी। हल्की बारिश के बाद निकली धूप ने उमस बढ़ा दी। सावन में अपेक्षा के मुताबिक बारिश न होने से मायूस लोगों की उम्मीदें भादों पर टिकी है लेकिन अभी तक लोगों को मायूसी ही हाथ लगी है।
मंगलवार दोपहर करीब 12:38 बजे एकाएक मौसम बदल गया। काले बादलों से रिमझिम फुहारें गिरने लगीं। इस दौरान स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी होने से बच्चे अपने घरों को जा रहे थे।
अचानक शुरू हुई बारिश ने बच्चों व अपने काम से बाहर निकले लोगों को भिगो दिया। इसके अलावा लंबे अर्से बाद बारिश की उम्मीद भी जगाई, लेकिन कुछ ही देर में लोगों की आस धूमिल हो गई।
बारिश थम गई और मौसम साफ हो गया। आसमान पर फिर से सूरज चमकने लगा। जिससे उमस बढ़ गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।