सीतापुर के महमूदाबाद में रिहायशी इलाके में तेंदुए के घूमने से लोगों में दहशत फैल गई है। वन विभाग की टीम ने तलाश की, लेकिन तेंदुआ पकड़ में नहीं आया। स्थानीय लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
महमूदाबाद (सीतापुर)। नगर के रिहायशी इलाके में तेंदुआ दिखने से लोग दहशत में हैं। वन विभाग ने कॉम्बिंग कर तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
विज्ञापन
मनोहर लॉन के पास बुधवार देर रात तेंदुआ देखा गया था। बाइक से निकल रहे तीन युवकों ने तेंदुआ को देखकर लॉन के मालिक रितेश रस्तोगी को फोन से जानकारी दी थी। रितेश रस्तोगी ने सीसीटीवी फुटेज देखे तो तेंदुआ खंडहर से निकलकर सड़क पर टहलता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर विधायक आशा मौर्या सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे थे। रेंजर विक्रमजीत सिंह, डिप्टी रेंजर संतोष वर्मा टीम के साथ पहुंचकर कॉम्बिंग की लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। पक्की सड़क होने से तेंदुए के पगचिह्न भी ट्रेस नहीं हो सके थे। बृहस्पतिवार सुबह वन विभाग की टीम ने तलाश की लेकिन नतीजा सिफर रहा। क्षेत्र के लोग तेंदुए की चहलकदमी से डरे हुए हैं। डिप्टी रेंजर संतोष वर्मा ने बताया कि तेंदुए की तलाश की जा रही है।
100 मीटर दूरी पर है कुर्सी विधायक का आवास
जिस स्थान पर तेंदुए की चहलकदमी सीसीटीवी में कैद हुई है, वहां से महज 100 मीटर की दूरी पर कुर्सी विधायक साकेंद्र वर्मा का आवास है। इस मोहल्ले में 50 घर हैं। इससे कुछ दूरी पर शहजानी वार्ड है, जहां काफी घनी बस्ती है। तेंदुए के सड़कों पर घूमने से लोग दहशत में हैं।